फतेहपुर । प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर में आज धनतेरस व दीपावली का पर्व बच्चों ने अपने अध्यापकों व रसोईया माताओं के साथ बहुत ही उल्लास से मनाया ।





सारी कक्षाओं के बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के बोर्ड सजाए साथ ही फूल और पत्तियों की सहायता से रंगोली बनाई । यह रंगोली कक्षा वार बनाई गई । जिसमें कक्षा 3 के बच्चों को सर्वश्रेष्ठ रंगोली हेतु पुरस्कृत भी किया गया । धनतेरस के उपलक्ष्य पर विद्यालय स्टाफ द्वारा खूबसूरत रंगोली का निर्माण किया गया । दिवाली की तैयारी में बनाए गए क्राफ्ट,बंदनवार को अब अच्छे से सजाया गया ।
दीपावली के शुभ अवसर पर रसोईया माताओं विमला देवी व केश्ना देवी को उपहार देकर सम्मानित किया गया । रसोईया माता के साथ-साथ विद्यालय को स्वच्छ रखने वाली सफाई कर्मी श्रीमती रन्नो देवी का भी सम्मान किया गया । बच्चों ने विद्यालय को मिट्टी के दीपको से सजाया ।
प्रधानाध्यापिका गीता यादव ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी बच्चों को प्रदूषण रहित दीपावली बनाने की सलाह दी गई । सबसे अच्छी बात यह रही कि इस बार बच्चों ने कुछ पटाखे भी तैयार किए जिसमें कोई बारूद नहीं था । वह पेपर के बने हुए सुंदर क्राफ्ट थे । रंगीन कागज की सहायता से बच्चों ने अनार चकरी बम रॉकेट आदि पटाखे बनाए और इस इको फ्रेंडली दीपावली का आनंद उठाया । इस अवसर पर कक्षा 1 की देवांशी माँ सीता के अप्रतिम स्वरूप में विद्यालय आयी । सहायक अध्यापिका आराधना ने दीपावली मनाए जाने क़ा धार्मिक कारण समझाया जबकि दीक्षा ने इस पर्व के पीछे का वैज्ञानिक कारण भी बताया । अंत में बच्चों क़ो खील गट्टे मिठाई क़ा वितरण भी किया गया ।
