फतेहपुर,20 नवम्बर । देवमई विकास खंड मुख्यालय में चल रहे मेलें में आज तीसरे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का मंचन किया गया ।
श्री कृष्ण लीला मंचन में कलाकारों ने दर्शकों को दिखाया कि जब-जब इस धरा पर अत्याचार बढ़ता है तो भगवान स्वयं अनेक रूप धारण कर पापी,अधर्मियों और राक्षसी प्रवृत्ति के लोगों का संहार कर भक्तों को अभय दान देते हैं । जब कंस का अत्याचार बढ़ा तो पृथ्वी पर उसके अत्याचारों का अंत करने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लेकर कंस का वध कर लोगों को अभयदान दिया ।
देवमई मेले में भगवान श्रीकृष्ण की लीला का ऐसा ही मनोहारी दृश्य देखने को मिला जहाँ श्रीकृष्ण जन्म की लीला का भावनात्मक रूप से मनोहारी वर्णन किया गया । सतरंगी रोशनी से जगमगाते मंच पर परंपरागत वेशभूषा में सजे पात्रों ने अपने अभिनय से प्रभाव छोड़ते हुए दर्शकों को आनंदित किया ।

मेले के तीसरे दिन सुबह से ही भारी संख्या में लोगो का आना-जाना लगा रहा मेले देखने आए लोगो में महिलाओं की संख्या बहुतायत रही । महिलाओं की संख्या अधिक होने के कारण मेले का मीना बाजार सुबह से शाम तक गुलजार रहा ।
मेले कमेटी में मुख्य रूप से अध्यक्ष विजय सिंह कुशवाहा, ग्राम प्रधान दिनेश उर्फ गुरु पासवान,रामजीत सिंह,विजय सिंह,अभिषेक अवस्थी रामजी तिवारी,मुन्ना अवस्थी,देवनारायण दिवेदी आदि लोग सहयोग में मौजूद रहे ।
