फतेहपुर,20 नवम्बर । बकेवर कस्बे में शनिवार शाम को एक युवक में डेंगू होने की पुष्टि होने से ग्रामीणों में बीमारी को लेकर दहशत का माहौल है ।
कस्बा बकेवर निवासी सौरभ तिवारी 17 वर्ष पुत्र प्रवेश कुमार तिवारी पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था । बुखार ठीक न होने के कारण गत दिवस शनिवार को परिवार जन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र देवमई लेकर गए । जहां चिकित्साधिकारी डॉक्टर ने सौरभ के खून की जांच के पश्चात ड़ेंगू की पुष्टि की ।
इस संदर्भ में जब देवमई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ० जेपी वर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सौरभ का इलाज चल रहा है । परिवारजनों में भी डेंगू होने की आशंका होने पर जांच टीम गठित कर उनके भी खून के सैंपल लिए जाएंगे और कस्बे में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा ।
मालूम हो कि कुछ दिनों पूर्व गांव में व्याप्त गंदगी से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका को लेकर समाचार पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को सचेत किया गया था इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग कुम्भकरणी नींद सोता रहा और अंततः डेंगू ने कस्बा बकेवर को अपनी गिरफ्त में ले ही लिया ।
