— 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव,जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को लेकर पार्टी में विचार-विमर्श
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन तेज हो गया है । इसी क्रम में पूर्व सांसद वरुण गांधी के नाम की भी चर्चा सामने आई है ।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें राज्यसभा भेजे जाने और आगे केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दिए जाने की संभावना को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं । हालांकि भाजपा की ओर से वरुण गांधी के नाम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है ।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को चुनाव होना है । इनमें नौ सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है । जबकि एक सीट पहले से रिक्त है । भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की जा रही है ।
2009 और 2019 में रह चुके हैं सांसद
वरुण गांधी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं । वह वर्ष 2009 में सुलतानपुर और 2019 में पीलीभीत से लोकसभा सांसद चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पीलीभीत से टिकट नहीं दिया था इसके बाद से वह सक्रिय चुनावी राजनीति से अपेक्षा कृत दूर रहे हैं । इसी साल मार्च में वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी जिसके बाद उनकी भाजपा में संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं ।
कई अन्य नाम भी चर्चा में
राज्यसभा के संभावित चेहरों को लेकर भाजपा में अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी विचार की खबरें हैं । पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सत्यपाल सिंह और संजीव बालियान के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं । वहीं ब्राह्मण प्रतिनिधित्व के लिहाज से हरीश द्विवेदी और श्रीकांत शर्मा के नाम भी सामने आए हैं । कुछ अन्य रिपोर्टों में नए चेहरों और महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी पार्टी के भीतर मंथन की बात कही गई है ।
राज्यसभा चुनाव पर टिकी नजर
राज्यसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव भी प्रस्तावित हैं । ऐसे में भाजपा और अन्य दलों के लिए ये चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं । फिलहाल वरुण गांधी समेत अन्य नामों पर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व की ओर से होना बाकी है ।
