बिन्दकी/फतेहपुर । वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को विद्या भारती द्वारा देश भर में ‘नमामि भारतम्’ नाम से एक राष्ट्रव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर राष्ट्र गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के पावन उपलक्ष्य में आयोजित “नमामि भारतम् -वन्दे मातरम् सामूहिक गायन महोत्सव 25 सितम्बर 2026 को नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज लंका रोड बिन्दकी के विद्यालय परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया ।
विद्या भारती द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन के अन्तर्गत 25 सितम्बर 2026 को 11 बजे देश भर के 25000 से अधिक स्थानों पर 01 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों शिक्षक अभिभावक तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने एक समय,एक स्वर,एक लय में सम्पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया ।
इस कार्यक्रम को एशिया बुक रिकॉर्ड तथा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा रिकॉर्ड प्रमाणन के लिए सूचीबद्घ किया गया है ।
विद्यालय परिसर में यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे “एक समय, एक लय,एक स्वर – वन्दे मातरम्” के संकल्प के साथ प्रारम्भ हुआ । जब हजारों कंठों से एक साथ वन्दे मातरम् की ध्वनि गूंजी, तो पूरा परिसर देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया ।
सभी छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश के साथ गायन किया । यह दृश्य अत्यंत मनमोहक एवं अविस्मरणीय था । इस कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल जहानाबाद विधायक, प्रमाणित कर्ता राधा साहू नगर पालिका अध्यक्षा, प्रधानाचार्य बलराम सिंह तथा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल गुप्ता उपस्थित रहे ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बलराम सिंह ने वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला । कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों ,शिक्षकों, अभिभावकों और नागरिकों ने एक स्वर और एक लय में भाग लिया । इससे नई पीढ़ी को राष्ट्रीय गीत के इतिहास,स्वतंत्रता संग्राम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका और देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था ।
कार्यक्रम के अध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल गायन नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम का बीज बोने का एक पवित्र प्रयास था ।
विद्यालय द्वारा ठाकुर हर्ष प्रताप इण्टर कॉलेज बड़ाहार,रुक्मिणी मोती लाल इंटर कॉलेज महरहा,प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्व विद्यालय, बरम बाबा मंदिर अज़मतपुर,दयानंद इंटर कॉलेज, के बी अवस्थी चिल्ड्रेन पैराडाइज स्कूल खजुहा, सहज इंटरनेशनल स्कूल भारतपुर, सरस्वती बाल मंदिर मीरखपुर,आदर्श पब्लिक स्कूल मीरखपुर तथा माता तुलसी इण्टर कॉलेज बिन्दकी में भी कुल 2129 लोगों से राष्ट्र गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया गया ।
इस कार्यक्रम में सभी अध्यापक—अध्यापिका,छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे । इस कार्यक्रम का संचालन अमित दीक्षित एवं मनोज कुमार मिश्र ने किया । कार्यक्रम की रूपरेखा में देवेन्द्र सिंह व प्रशांत किशोर का विशेष योगदान रहा ।
