कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार शाम 5.30 बजे राजधानी बेंगलुरु में होगी । उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री का नाम सामने आ पाएगा ।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने पीटीआई को इस बैठक के बारे में बताया है ।
डीके शिवकुमार ने इस बार भी कनकपुरा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है । वे 2008 से इस सीट से चुनाव जीत रहे हैं ।
मुख्यमंत्री पद के लिए डीके शिवकुमार के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी दावेदार बताया जा रहा है ।
सिद्धारमैया 2013 से 2018 के बीच राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं । उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनका आखिरी चुनाव है ।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के शनिवार को आए परिणामों में कांग्रेस ने 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल की है । वहीं बीजेपी को केवल 66 सीटें ही मिली हैं ।
