राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट की गई तस्वीर में नए संसद भवन के साथ ताबूत की तस्वीर लगाई गई है ।
तस्वीर के ऊपर लिखा है- ये क्या है ?
आरजेडी ने कई अन्य पार्टियों की तरह ही नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार किया है । आरजेडी का कहना है कि नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति से कराना चाहिए ।
आरजेडी के इस ट्वीट के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा,
क्या राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य हमेशा के लिए संसद का बहिष्कार करेंगे । क्या वे लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे ।”

सुशील कुमार मोदी ने कहा, ”राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे । फिर ताबूत का चित्र दिखाना क्या साबित करता है । एक राजनीतिक दल इस घटिया मानसिकता पर उतर आया है कि एक शुभ और गौरव के दिन संसद की तुलना मृत व्यक्ति के ताबूत से की जा रही है ।”
पार्टी के नेता बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है, ”राष्ट्रपति पद संसदीय व्यवस्था का अभिन्न अंग है । संसद के एक महत्वपूर्ण समारोह,उसके उद्घाटन के समारोह से राष्ट्रपति को अलग करना संसदीय व्यवस्था और राष्ट्रपति पद, दोनों की महत्ता का अपमान है ।”
आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा, “महामहिम राष्ट्रपति के मान और संवैधानिक व्यवस्था एवं परंपरा की माननीय प्रधानमंत्री द्वारा अनदेखी को देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल ने विपक्ष के अधिकांश दलों के साथ नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का हिस्सा नहीं बनने का निर्णय लिया है ।”
