बिन्दकी-फतेहपुर : कोरोना वायरस के संक्रमण को पूरी तरह नियंत्रण करने के लिए चलाए जा रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम का प्रबंधन अभी भी दुरुस्त नहीं हो पाया है ।
केंद्र सरकार ने 1 मई से 18 प्लस को वैक्सीन लगाने की घोषणा की थी । लेकिन वह सफल नहीं रहा तो 1 जून से 18 प्लस को वैक्सीन लगाने का संशोधित कार्यक्रम दिया गया ।
केंद्र जहानाबाद में मंगलवार को 18 प्लस के लिए वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं कराई गई और वहां 45 प्लस को ही टीके लगते रहे दूसरी ओर खजुहा और बिंदकी में 45 प्लस के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और स्लॉट आवंटित होने के बावजूद टीके नहीं लगाए जा सके । ऑनलाइन वैक्सीनेशन के लिए अपॉइंटमेंट लेने के बावजूद कानपुर व अन्य जनपदों से भी आए स्थानीय निवासी जो 45 साल से अधिक की उम्र के थे उन्हें टीके नहीं लग सके ।
बताया गया कि टीके उपलब्ध नहीं कराए गए हैं ।
इस संबंध में मंगलवार को सायं काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दकी में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी राम गोपाल माहेश्वरी से पत्रकारों ने बात करना चाहा तो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दकी के चिकित्सा अधीक्षक पी.बी सिंह ने पत्रकारों से कहा कि सीएमओ साहब अभी वार्ता नहीं कर पाएंगे समस्या बताइए जब उनसे 45 प्लस को स्लॉट आवंटित होने के बावजूद टीका न लग पाने के बाबत बताया गया तो उन्होंने आश्वस्त किया कि बुधवार को आइए वैक्सीन लग जाएगी ।
लेकिन जब बुधवार को वैक्सीनेशन के लिए लोग पहुंचे तो उन्हें चिकित्सा अधीक्षक पी०बी० सिंह ने बताया कि आज भी 45 प्लस के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं है और वह अगले दिन ही लग पाएगी ।
लब्बो लुबाब यह है कि अभी तक कोरोना के टीके को लेकर जनपद में प्रबंधन की घोर अव्यवस्था देखने को मिल रही है ऐसे में कोरोना से जंग नियोजित तरीके से जीतने में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं ।
