फतेहपुर । पिछड़ा वर्ग के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए व्यवहारिक सामूहिक प्रशिक्षण के लिए 10 सितंबर तक आनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे ।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र फतेहपुर चन्द्रभान सिंह ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्तियों में औद्योगिक रोजगार सृजन के उद्देश्य से व्यवहारिक सामूहिक प्रशिक्षण योजना वर्ष 2023 -24 (एक माह सैद्धांतिक तीन माह व्यवहारिक) में उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उ०प्र० कानपुर के निर्देशानुसार जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, फतेहपुर द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है । निदेशालय द्वारा निर्धारित ट्रेडों में से पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए बिजली के छोटे-छोटे सामान बनाने एवं रिपेरिंग का कार्य ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित है ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अन्य पिछड़ा वर्ग के उन पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए है जिनकी आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के मध्य हो तथा कम से कम दसवीं कक्षा उत्तीर्ण हों । इस प्रशिक्षण हेतु चयनित अभ्यर्थियों को रू0 1250.00 प्रतिमाह यातायात एवं स्वल्पाहार के रूप में दिया जायेगा । आवेदन पत्र वेबसाइट पर 10 सितम्बर 2023 तक ऑनलाइन किये जा सकते हैं । ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ फोटो, हस्ताक्षर नमूना, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आय व जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा ।
विस्तृत जानकारी के लिये किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र आबूनगर फतेहपुर से सम्पर्क कर सकते है ।
