– पिछले महीने भी इन दबंग जेठों ने महिला उसकी बहन व मां को पीटकर किया था लहूलुहान ।
– महिला सशक्तिकरण वर्ष-? एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने नहीं किया कार्यवाही,भुक्तभोगी महिला ने मुख्यमंत्री व पुलिस कमीश्नर को पत्र भेजकर लगाई है न्याय की गुहार
कानपुर । घाटमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरचंदापुर निवासिनी एक महिला ने अपने जेठों पर बदनियती से रात में उसके घर घुस करअश्लील हरकते करने और विरोध करने पर मारपीट करने और शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी देने का संगीन आरोप लगाया है ।
कानपुर नगर की घाटमपुर थाना कोतवाली को उक्त आशय की एक लिखित तहरीर देकर लक्ष्मी पत्नी छोटू निवासी हरचंदापुर थाना कोतवाली घाटमपुर जनपद कानपुर नगर ने बताया है कि गत 13 सितम्बर की रात लगभग 10 बजे जब उसका पति छोटू बाहर गया था । उसके जेठ सुरेन्द्र व दिनेश पुत्र स्व. अम्बिका प्रसाद निवासी हरचंदापुर जो बदनियत व दबंग अपराधी किस्म के है । घर में घुस आए और उसके साथ अश्लील व गंदी हरकतें करने लगे उन दोनों की बदनियती और अश्लील गंदी हरकतों का जब उसने विरोध किया तो दोनों जेठों ने मारपीट शुरू कर दिया और उसे जमीन पर पटक दिया ।
दिनेश ने कहा इसे इस लायक न छोड़ो कि किसी को मुंह दिखा सके। भुक्तभोगी महिला लक्ष्मी का कहना है कि जब उसने शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग दौड़े तो उन्हें देखकर दोनों जेठ सुरेन्द्र व दिनेश गाली गलौज के साथ शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते भाग गए ।
लक्ष्मी ने शिकायती पत्र में यह भी बताया है कि पिछले महीने इन्हीं लोगों ने उसके घर आई उसकी मां और बहिन को लाठी डंडों से पीटकर उसे उसकी मां और बहिन को गम्भीर रूप से घायल कर दिया था । मां का सिर में इतने गंभीर घाव हो गए थे कि डाक्टर को चौदह टांके लगाने पड़े थे । इस घटना की तहरीर पर पुलिस ने सिर्फ एन सी आर दर्ज कर ली और न ही घायलों का डाक्टरी मुआयना कराया और न ही उक्त दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जिससे उनके मनोबल बढ़ गए और उन्होंने फिर से उक्त घटना को अंजाम दिया है ।
भुक्तभोगी महिला का आरोप है कि पिछली घटना पर पुलिस इमानदारी से कार्यवाही कर देती तो दोबारा इस घटना को अंजाम नहीं देते ।
शिकायत करता ने बताया कि 13 सितम्बर रात लगभग 10 बजे की घटना की सुबह उसने थाना कोतवाली घाटमपुर को उक्त दबंगों के खिलाफ तहरीर दी थी किंतु अभी तक पुलिस ने कोई भी कार्यवाही नहीं किया जिससे उसकी व उसके पति के जानमाल का खतरा बना हुआ है और कभी भी उक्त सुरेंद्र व दिनेश अप्रिय घटना को घटित कर सकते हैं ।
भुक्तभोगी महिला लक्ष्मी ने पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पुलिस कमीश्नर कानपुर नगर व प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय दिलाने व उक्त दबंगों से जानमाल व अस्मत की सुरक्षा किए जाने की गुहार लगाई है ।
