बिन्दकी/फतेहपुर । जनपद की तहसील बिन्दकी में नवागत उपजिलाधिकारी अनिल कुमार यादव ने आज एक प्रेस वार्ता में कहा कि भूमि संबंधी विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा साथ ही धार्मिक त्योहारों को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएगी ।
उपजिलाधिकारी आज पहली बार प्रेस से मुखातिब हुए ।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भूमि संबंधी विवादों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और उन्हें शत प्रतिशत हल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे ।
उन्होंने कहा कि धार्मिक त्योहारों को लेकर पूरी सतर्कता बढ़ती जाएगी । शांति समितियों की बैठक आहूत कर सद्भाव पूर्ण तरीके से त्योहार मनाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ।
उपजिलाधिकारी ने क्षेत्र की ऐतिहासिक ,सांस्कृतिक और भौगोलिक स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में वह भी भागीदार बनना चाहेंगे और सभी से सहयोग की अपेक्षा भी करते हैं ।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश की दिशा में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं और कर्मचारियों को चेतावनी भी दी गई है ।
उन्होंने पत्रकारों से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि पत्रकारों की दृष्टि में कोई समस्या सामने आती है तो वह उससे उन्हें अवगत करायें जिससे समस्या का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
