लखनऊ (उत्तर प्रदेश) । सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सुर ताल संगम ने पितृपक्षीय सामाजिक सेवा के तौर पर लखनऊ स्थित मालती राज वृद्धाश्रम में अपने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ एक यादगार आयोजन किया । जिसमें सुप्रसिद्ध ग़ज़ल सम्राट पद्मभूषण जगजीत सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर समर्पित बज़्म ए ग़ज़ल कार्यक्रम आयोजित करके जगजीत सिंह की लोकप्रिय ग़ज़लों और मातृ पितृ वंदन से ओत-प्रोत गीतों ने सभी को आत्मविभोर कर दिया ।


कार्यक्रम का शुभारंभ वृद्धाश्रम निवासी बुज़ुर्ग जनों और संस्था के उच्च पदस्थ लोगों ने सामूहिक दीप प्रज्वलन तथा मां सरस्वती के पूजन और माल्यार्पण करके किया । फिर माता पिता की वंदना और जगजीत सिंह के भजन द्वारा संगीत संध्या की बेहतरीन शुरुआत हुई ।
तत्पश्चात कार्यक्रम को जगजीत सिंह की खूबसूरत ग़ज़लों से सजाने में अविजित श्रीवास्तव, ऐमन जावेद फारूकी, गगन शुक्ला,अभय श्रीवास्तव, प्रकाश खन्ना, अमन सोनी,अनीता सिंह,दिनेश श्रीवास्तव, अंशुमन दास,हरीश गौड़,रमन श्रीवास्तव आकर्ष सिंह,अंकिता चौधरी, सीमा श्रीवास्तव,अमन जावेद फारूकी, संदीप अग्निहोत्री,शिखा वर्मा सहित संस्था की डायरेक्टर एवं अंतर्राष्ट्रीय लोकप्रियता प्राप्त गायिका डॉ० जया श्रीवास्तव ने संस्था के पदाधिकारियों और कुशल कलाकारों ने अपनी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई । उपस्थित जनसमूह ने इस अनोखे और मनमोहक आयोजन के लिए सभी कलाकारों तथा आयोजकों को साधुवाद दिया ।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अजय श्रीवास्तव ,डॉ० जया श्रीवास्तव,सहर जावेद फारुकी,अभय, विनय श्रीवास्तव आदि ने सभी वृद्धाश्रम निवासियों को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा संस्था द्वारा सभी को कंबल वितरित किए गये ।
मालती राज वृद्धाश्रम की व्यवस्थापिका श्रीमती अलका द्विवेदी, सोनू मल्होत्रा, अर्पिता मल्होत्रा, सिद्धार्थ, विवेक द्विवेदी ने इस अनुपम कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए सुर ताल संगम परिवार की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए डॉ० जया श्रीवास्तव को बार बार ऐसे कार्यक्रम करवाने को प्रोत्साहित किया ।
