फतेहपुर । अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि रणंजय कुमार वर्मा जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देशन में प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत 09 मार्च 2024 का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर,ग्राम न्यायालय बिन्दकी, वाह्य न्यायालय बिन्दकी, तहसील सदर, खागा, बिन्दकी फतेहपुर में किया जाना है ।
उक्त लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आज पुलिस प्रशासन की समीक्षा बैठक मीटिंग हाल में आहूत की गयी ।
इस बैठक मे माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष रणंजय कुमार वर्मा द्वारा उपस्थित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सम्बन्धित न्यायालयों से सम्मन/नोटिस का तामीला शत् प्रतिशत कराया जाये एवं तामीला आख्या सम्बन्धित न्यायालय में ससमय प्राप्त कराया जाए ।
नित्या पांडे,अपर जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौते के माध्यम से अपराधिक शमनीय वाद,धारा 138 पराकाम्य लिखत अधिनियम, बैंक वसूली वाद,मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद,वैवाहिक वाद,श्रम वाद, भूमि अधिग्रहण वाद,विद्युत एवं जल बिल विवाद (अशमनीय वादों को छोडकर),वेतन,भत्तों एवं सेवा निर्वत्ति लाभों से सम्बन्धित सेवा प्रकरण, राजस्व वाद, अन्य दीवानी वाद (किरायेदारी, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा वाद एवं विशिष्ट अनुतोष आदि) निस्तारित कराये जाने हेतु पक्षकारो से यह अपेक्षा किया जाता है कि अपने वादो के त्वरित निस्तारण हेतु न्यायालय में पहुँचकर अपने वादो को नियत कराये और राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाये ।
इस बैठक में जनपद न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा, मो० अहमद खान नोडल अधिकारी /राष्ट्रीय लोक अदालत, नित्या पाण्डेय अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राज बाबू मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, वीर सिंह सीओ सदर, होरी लाल सिंह सीओ जाफरगंज,अरूण कुमार राय सीओ थरियांव, प्रगति यादव यातायात सीओ फतेहपुर आदि उपस्थित रहे ।
