फतेहपुर । लोकसभा चुनाव में फतेहपुर संसदीय क्षेत्र में मतगणना आगामी 4 जून को सुबह 8 बजे से कृषि उत्पादन मंडी समिति में शुरू होगी ।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग आफिसर- 49-फतेहपुर सी० इन्दुमती ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन -2024 में 49-फतेहपुर संसदीय क्षेत्र की मतगणना 04 जून 2024 को प्रातः 8.00 बजे से मतगणना समाप्ति तक कृषि उत्पादन मण्डी समिति, बांदा-सागर रोड़,फतेहपुर में सम्पन्न होनी है ।
आयोग द्वारा आज आयोजित वीडियो कान्फ्रेसिंग में दिये गये निर्देश के क्रम में “रिटर्निंग ऑफिसर के हैण्डबुक के पैरा-15.4.2 एवं 15.4.5 एवं 15.6.3 में उल्लिखित शर्तों के आधार पर मतगणना स्थल/पण्डाल में किसी भी प्रकार का कोई गैजेट (मोबाइल/आई पैड ,लैपटॉप,कैलकुलेटर तथा इसी तरह के इलेक्ट्रॉनिक सामग्री मतगणना हॉल के अन्दर ले जाना पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा ।”
उपर्युक्त आदेश समस्त प्रकार के कार्मिकों ,निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों, निर्वाचन अभिकर्ताओं तथा मतगणना अभिकर्ताओं पर लागू होगा । उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा ।
