कानपुर । छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर रविवार को नक्सली हमले में कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के नौगवां गौतम गांव निवासी शहीद शैलेंद्र कुमार के परिजनों से मिलकर ससमाजवादी पार्टी प्रतिनिधि मंडल अमिताभ बाजपेई विधायक,हसन रूमी विधायक ,मुनींद्र शुक्ला पूर्व विधायक व फतेह बहादुर गिल ने ढांढस बंधाया है । सोमवार की दोपहर पहुंचे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि देश के लिए अपनी शहादत देकर शैलेंद्र ने न सिर्फ गौतम नौगवां का बल्कि कानपुर का मान बढ़ाया है । उन्होंने ने नक्सली हमले के लिए केंद्र की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि आखिर कब तक हमारे जवान इसी तरह अपनी शहादत देते रहेंगे । उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को कठोर कदम उठाने की जरूरत है । उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि गौतम नौगवां गांव में शहीद शैलेंद्र कुमार के नाम से शहीद स्मारक पार्क बनवाया जाए ।
वहीं शहीद शैलेंद्र की पत्नी कोमल को नौकरी दी जाए तथा शहीद के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए जिससे परिवार का भरण पोषण हो सके । समाजवादी प्रतिनिधि मंडल ने शहीद के परिजनों से दुख की इस घड़ी में हिम्मत से काम लेने का अनुरोध किया ।
वहीं एडीएम एफआर राजेश कुमार व उपजिलाधिकारी नरवल ऋषभ वर्मा शहीद के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया तथा शासन – प्रशासन से हर संभव मदद का आश्वासन दिया ।
एडीएम एफआर राजेश कुमार ने बताया कि शहीद शैलेंद्र कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार की सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचेगा । अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन की तरफ से तैयारियां की जा रही है । गांव में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा ।
