बकेवर/फतेहपुर । विकास खंड देवमई की ग्राम पंचायत जगदीशपुर मजरे हरदासपुर में पीएम आवास योजना ग्रामीण सर्वे उन्मुखीकरण गोष्ठी ग्राम प्रधान प्रहलाद सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई ।

बैठक में सहायक खंड विकास अधिकारी सहकारिता हर्ष यादव व ग्राम पंचायत अधिकारी जितेन्द्र सिंह परिहार ने सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा किया और योजना के उन्मुखीकरण पर विस्तार से चर्चा किया ।
सहायक खंड विकास अधिकारी हर्ष यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सर्वे के अंतर्गत उन्मुखीकरण गोष्ठी का उद्देश्य है कि हर भवन विहीन की छत पक्की और मजबूत हो । बेघर लोगों के घर का सपना अब दूर नहीं है ।
पात्रता की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण परिवारों के सभी आवास विहीन परिवार एवं शून्य,एक या दो कमरों के कच्ची दीवार और कच्ची छत युक्त मकानों में रहने वाले किसी भी परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शामिल किया जाएगा ।
पात्र लाभार्थियों के स्वत अंतर्वेशन के लिए निर्धारित मानकों में बिना आय वाले परिवार,बेसहारा भीख मांग कर जीवनयापन करने वाले, हाथ से मैला ढोने वाले, आदिम जनजातीय समूह,वैधानिक रूप से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर रहेंगे । सर्वे में नये परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी ।
छत होगी पक्की और मजबूत,अपने घर का सपना अब नहीं है दूर ।
उन्होंने ने योग्यता के मानको पर चर्चा करते हुए बताया कि जिनके पास मोटरयुक्त तिपहिया चौपहिया वाहन हो,मशीन तिपहिया चौपहिया कृषि उपकरण हो,रूपये 50 हजार अथवा इससे अधिक ऋण सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड हो, आवेदनकर्ता या परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो,कोई सदस्य गैर कृषि उद्यम में सरकार के साथ पंजीकृत हो, कोई सदस्य रूपये 15 हजार प्रतिमाह से अधिक कमा रहा हो, आयकर देने वाला परिवार,व्यवसाय कर देने वाला परिवार,वह परिवार जिनके पास 2.5 एकड़ या इससे अधिक सिंचित भूमि और जिनके पास पांच एकड़ या इससे अधिक असिंचित भूमि हो,ऐसे लोगों को आवास नहीं दिए जाएंगे ।
इस मौके पर सहायक खंड विकास अधिकारी सहकारिता हर्ष यादव, ग्राम प्रधान प्रहलाद सिंह, पूर्व प्रधान संतोष शुक्ल, ग्राम पंचायत अधिकारी जितेन्द्र सिंह परिहार, पंचायत मित्र राजकमल कुशवाहा, पंचायत सहायक अतिरेक तिवारी,उपेन्द्र पाल, राम नारायण, राजू कोटेदार, कमलेश पासवान, अशोक कुमार शुक्ल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।
