कानपुर । सरसौल ब्लॉक के महोली गांव में दो बार ग्राम प्रधान रह चुके वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम का बीते 29 मार्च को निधन हो गया था । उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है । महोली ग्राम धनीराम न केवल अपने कार्यकाल में जनसेवा के लिए पहचाने जाते थे । बल्कि उन्होंने ग्राम विकास के अनेक कार्यों को प्राथमिकता दी थी । वही धनीराम के निधन की सूचना मिलते ही सरसौल ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह तोमर के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों ने महोली गांव पहुंचकर उनके निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की । प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण सिंह तोमर ने स्व. धनीराम की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया ।
उन्होंने कहा कि धनीराम जैसे समर्पित जनप्रतिनिधि समाज में विरले ही होते हैं । जिन्होंने हमेशा गांव की भलाई और विकास को प्राथमिकता दी ।
इस मौके पर गांव के वर्तमान एवं पूर्व प्रधानों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी धनीराम को श्रद्धांजलि दी । खास बात यह रही कि सभी ग्राम प्रधानों ने स्वेच्छा से अपना एक दिन का मानदेय स्व. धनीराम के परिजनों को अर्पित कर उनकी आर्थिक सहायता का संकल्प लिया ।
यह पहल न केवल एक मिसाल है । बल्कि जन प्रतिनिधियों की एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचायक भी है धनीराम ने पहली बार 1995 में निर्विरोध ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए थे और जो उस समय गांव की एकजुटता और उनके प्रति विश्वास का प्रतीक था ।
उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में ही उनके द्वारा कई विकास कार्यों को कराया गया । जिनमें सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था और प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं । इसके बाद उन्हें एक बार फिर ग्रामवासियों का समर्थन मिला और उन्होंने दोबारा प्रधान पद की जिम्मेदारी निभाई इस बार भी वे मौजूदा ग्राम प्रधान थे और गांव की बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत थे ।
ग्रामवासियों ने उन्हें एक सरल, सुलझे हुए और कर्मठ नेता के रूप में याद किया महोली गांव के शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि धनीराम जी गांव के हर छोटे-बड़े कार्य में सबसे आगे रहते थे । उनका दरवाजा हर समय आम जन के लिए खुला रहता था । वे गांव को अपना परिवार मानते थे ।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान कई ग्राम प्रधानों ने अपने विचार साझा किए और कहा कि धनीराम जैसे अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व का जाना पूरे क्षेत्र की क्षति है । इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और ग्रामविकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया । कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन रखा गया । जिसमें सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की ।
इस मौके पर सरसौल ब्लॉक के ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण सिंह तोमर, सिकठिया ग्राम प्रधान आकाश सिंह, नारायणपुर ग्राम प्रधान पति उमेश गुप्ता व सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।
