कानपुर । सरसौल ब्लाक परिसर में सोमवार को ब्लाक प्रमुख की अध्यक्षता में एक खुली बैठक की गई ।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अकरबपुर लोकसभा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कार्यक्रम को संबोधन किया व इसके पूर्व ब्लाक प्रमुख सरसौल डॉ. विजय रत्ना सिंह तोमर, प्रधान संघ के अध्यक्ष रोहित सिंह तोमर व एसडीएम नरवल विवेक मिश्रा ने बुके भेंट कर स्वागत किया । इस दौरान सरसौल ब्लाक के 62 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान सहित बीडीसी सदस्य मौजूद रहे इस दौरान सदन में ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्यों ने गांव में हो रही समस्याओं के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया ।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनीता ने स्वास्थ्य विभाग से सम्बंधित योजनाओं के बारे में अवगत कराकर जागरूक किया । पशु पालन विभाग से डॉ. दिनेश कुमार ने पशुपालन विभाग से सम्बंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी । वही समाज कल्याण विभाग से सोनम सिंह ने समाज कल्याण विभाग कर बारे में चर्चा की गई । एडीओ सी रवि वर्मा से सहकारिता से सम्बंधित चर्चा की ।
ग्राम प्रधानों ने पेंशन,पानी की समस्याएं एवं गांव में हो रही अन्य समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा की । ग्राम प्रधान नेवादा बौसर समरजीत ने चर्चा करते हुए कहा कि पिछले कई महीनों से गांव में पानी की समस्या बनी हुई है । वहीं पेंशन के लाभार्थियों को समाज कल्याण विभाग द्वारा टरकाया जाता है । पीड़ित कई महीनों से इधर उधर की ठोकरें खा रहा है । इसी कड़ी में नरवल ग्राम प्रधान सुदीप शिवहरे ने कहा कि गांव में सफाईकर्मी नियुक्त है लेकिन पिछले चार सालों से गांव में सफाई करने नहीं आता है । जिस पर उन्होंने कई बार अधिकारियों को अवगत भी कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई । मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लाक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना सिंह तोमर ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वे कार्य के प्रति लापरवाही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करें, काम के प्रति लापरवाही बरतने पर खंड विकास अधिकारी सरसौल ने समाज कल्याण विभाग,कृषि विभाग,खाद्य एवं रसद विभाग से मांगा है ।

ब्लाक प्रमुख ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही न करें । बैठक के मुख्य अतिथि सांसद भोले ने संबोधन में कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर विकाश का काम कर रही है ।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को गांव-गांव जाकर सरकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करें, ताकि पात्र लाभार्थी को सरकारी योजना का लाभ मिल सके ।
उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को सलाह दी कि जनता के काम के प्रति सदैव त्तपर रहें और काम के टाले नहीं समय पर पूरे करें जिससे जनता को समय पर न्याय व सरकारी योजना का लाभ मिल सके और आपके कार्य से वह हमेशा सन्तुष्ट रहे । उन्होंने कहा कि हमारा कर्म ही पहचान बनाता है ।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी निशांत राय, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी व ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य सहित कर्मचारी मौजूद रहे ।
