कानपुर । रुमा के पास रेलवे ट्रैक पर एक फाइनेंस कंपनी के 27 वर्षीय कर्मचारी का शव मिला । मृतक की पहचान नरवल क्षेत्र के भुखनाही निवासी सम्राट सिंह के रूप में हुई । जीआरपी को मृतक के मोबाइल से एक सुसाइड नोट मिला । नोट में सम्राट ने हिंदुजा एएसएम नारायण दत्त मिश्रा और एलएंडटी एसएम राहुल गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं । उसने लिखा कि नारायण ने साहिल निषाद के नाम से फर्जी आधार कार्ड भेजकर गाड़ी फाइनेंस करवाई । सुसाइड नोट के अनुसार, जब यह मामला सामने आया तो दोनों अधिकारियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया । राहुल ने उसे ऑफिस में बुलाकर डीलर हरि मोटर्स और ग्राहक से एफआईआर करवाने की धमकी दी । ऑफिस में सुमित और एएसएम संतोष ने गाड़ी सरेंडर करने को कहा । परिजनों ने बताया कि सम्राट सोमवार को बाइक से कंपनी गया था । शाम को फोन पर उसने घर न आने की बात कही । अगले दिन जीआरपी ने उसके शव मिलने की सूचना दी । परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है ।
सुसाइड नोट में सम्राट ने अपने परिवार को प्रताड़ित न करने की अपील की है । उसने स्पष्ट किया कि अन्य सभी केस सही ग्राहकों के हैं लेकिन उसकी आत्महत्या के लिए राहुल और नारायण जिम्मेदार हैं ।
