– शुभम को शहीद का दर्जा मिले प्रधानमंत्री को लिखी है चिठ्ठी- राहुल गाँधी
– शहीद शुभम के परिवार से सांसद प्रियंका गाँधी ने भी फोन पर बात कर ढांढस बनाया

कानपुर । पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की शुभम की पत्नी ऐशन्या राहुल को देखकर रो पड़ी । इस पर राहुल ने उन्हें गले लगा लिया और सांत्वना दी । शुभम के पिता ने भी राहुल को देख कर अपने आंसू नहीं रोक पाए ।
वही ऐशन्या ने राहुल को पहलगाम में हुई घटना के बारे में सब कुछ बताया । उन्होंने बताया कि कैसे मेरे पति को आतंकियों ने गोली मार दी । ऐशन्या ने बताया कि हर जगह सुरक्षा की व्यवस्था थी । लेकिन पहलगाम में कोई सिक्योरिटी नहीं थी ।
वहीं ऐशन्या ने राहुल गांधी को बताया कि नॉर्मल कपड़ों में एक आतंकी आया ।
उसने पूछा- हिंदू हो या मुसलमान ?
हिंदू कहते ही सिर्फ 5 सेकेंड में मेरे पति को गोली मार दी ।
राहुल ने पूछा- यह सब कितनी देर तक चला ?
इस पर ऐशन्या ने कहा- करीब 40 मिनट तक आतंकियों ने खून-खराबा किया । वे आराम से लोगों से नाम पूछ-पूछकर उन्हें मार रहे थे । उन्हें यह टारगेट दिया गया था कि पत्नी के सामने पति की हत्या करनी है । वे महिलाओं से कहते थे कि जाकर अपनी सरकार को बताओ । मैं तुम्हारे पति को मार रहा हूं, तुम्हें नहीं मारूंगा ।
राहुल ने फिर पूछा- जो लोग घायल थे, वे नीचे कैसे पहुंचे ? ऐशन्या ने जवाब दिया- सर, मुझे मेरी बहन घसीटकर नीचे ले आई । आतंकियों ने महिलाओं को छुआ तक नहीं ।
राहुल ने पूछा- आपने यह सब खुद देखा ?
इस पर ऐशन्या ने कहा- हां, मैं करीब 15 मिनट तक वहां थी ।
इसके बाद ऐशन्या की बहन ने कहा- मैंने वहां मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की । मेरी बहन शॉक्ड थी । कह रही थी कि वह नहीं जाएगी । मैं जबरन उसे खींच कर नीचे लाई । मैं घोड़े वालों से गिड़गिड़ाई,लेकिन किसी ने मदद नहीं की । किसी ने मदद नहीं की ।
वहीं शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा- बेटे आप कुछ करिए । आप इस देश के बड़े नेता हैं । राहुल ने कहा कि मैंने दो बार ऐसा दर्द झेला है । मेरी दादी भी आतंकवाद की भेंट चढ़ीं और मेरे पिता भी चले गए । शुभम को शहीद का दर्जा मिले, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखूंगा । ऐसे लोगों को सम्मानित करने के लिए मैंने प्रधानमंत्री से सर्वदलीय बैठक की मांग की थी । राहुल ने शुभम के परिवार वालों से अपने मोबाइल से प्रियंका गांधी से भी बात करवाई ।
