– संचारी रोग नियंत्रण की विस्तृत हुई समीक्षा, 30 जुलाई तक चलेगा अभियान
फतेहपुर । कलेक्ट्रेट महात्मा गाँधी सभागार में 01 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 के मध्य दस्तक अभियान के द्वितीय चरण एवं डायरिया रोको अभियान 16 जून से 31 जुलाई 2025 को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई । पूर्व में चलाए गए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए चर्चा की ।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से संबंधित इंडिकेटरों का प्रतिशत कम होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण देने के साथ ही उन सभी पैरामीटर्स में क्या सुधार किया जा सकता है कि कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए एवं नगर पंचायत बहुआ में फॉगिंग और एंटी लार्वा के छिड़काव की प्रगति सही न होने व बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत बहुआ से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश अपर जिलाधिकारी न्यायिक को दिए ।
उन्होंने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 01 से 30 जुलाई 2025 तक संचालित किया जाएगा । उन्होंने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए अभियान की पूरी तैयारी समय बद्ध ढंग से करने के निर्देश संबंधितो को दिए ।
उन्होंने कहा कि ऐसे रोग जो एक रोगग्रस्त व्यक्ति से दूसरे स्वास्थ्य व्यक्ति मे दूषित भोजन,जल के प्रयोग से तथा कीटो, जानवरो आदि के सम्पर्क मे आने से फैलते है । जिन्हे संचारी/संक्रामक रोग कहते है । यह विभिन्न रोग जनित कारको जैसे प्रोटोजोवा,कवक,जीवाणु, विषाणु इत्यादि के कारण होते है ।
मलेरिया,डेंगू,चिकनगुनिया,डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्ध स्तर पर कार्य कर अभियान को सफल बनाया जाय ।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने से संबंधित विभाग से क्या कार्य किए जाने है,अपने अधीनस्थों को जानकारी भलीभांति दे दें एवं खंड विकास स्तर का माइक्रोप्लान बना ले ।
खंड विकास स्तर के अधिकारियों का वॉट्सएप ग्रुप बना ले और उसमें माइक्रोप्लान के अनुसार किए किए गए कार्यों/गतिविधियों को वॉट्सएप ग्रुप में शेयर करें तथा मुख्य चिकित्साधिकारी सभी विभागों की सम्मिलित रिपोर्ट माइक्रोप्लान के अनुसार किए गए कार्यों/गति विधियों की बना कर प्रतिदिन अवगत कराए । अभियान की निगरानी संवेदनशीलता के साथ की जाय । इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही/ शिथिलता क्षम्य नहीं होगी ।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी/ अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत को निर्देशों दिए कि सैनिटाइजेशन तथा फॉगिंग,एंटीलार्वा का छिड़काव,नालियों की साफ सफाई, झाड़ियों का कटान आदि का विशेष ध्यान दे,साथ ही नगर पालिका के वार्डो व ग्राम पंचायतों में बैठक कर संचारी रोग/डायरिया रोको अभियान से संबंधित जागरूक करे और तथा होने वाले कार्यक्रमों की ग्राम प्रधान मुनादी अवश्य कराए ।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामों में जल भराव न होने पाए कि कार्ययोजना बना कर ग्राम सचिवों के माध्यम से कार्य कराए तालाबों,नालों व नालियों में एण्टीलार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए ।
जिलाधिकारी ने कहा कि निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में परामर्श व आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराएं । जिन ब्लाकों की बैठक अभी नहीं हुई है कि तत्काल कराना सुनिश्चित करे ।
उन्होंने सम्बन्धित विभागों से संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के सम्बन्ध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की । साथ ही चिकित्सा,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर विकास, पंचायतीराज, आई0सी0डी0एस0,ग्राम्य विकास,चिकित्सा शिक्षा,शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि,पशुपालन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा अन्य सभी सबंधित विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के संबंध में कार्यवाही करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाए ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके ।
उन्होंने आशा,आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संचारी रोगों,डायरिया रोको अभियान का समय से प्रशिक्षण करा ले ताकि अपने दायित्वों का सही से निर्वहन कर सके ।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों में नोडल अध्यापक का समय से संवेदीकरण कराते हुए अभिभावकों के साथ बैठक कर संचारी रोगों व डायरिया रोको के संबंध में जागरूक करे । उन्होंने कहा कि प्रतिदिन होने वाले कार्यों /गतिविधियों का मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार कराए ।
इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० राजीव नयन गिरी डीसी मनरेगा,डीपीएम,जिला पंचायतराज अधिकारी ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी,अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी सहित सम्बंधित उपस्थित रहे ।
