कानपुर । कानपुर कमिश्नरट के थाना महराजपुर क्षेत्र के जोशाहखेड़ा में पिकअप की चपेट में आने से तीन साल के मासूम अभिनव पुत्र धीरेंद्र निषाद की दर्दनाक मौत हो गई ।
यह घटना बुधवार सुबह लगभग 10 बजे की है । परिजनों ने फोन द्वारा पुलिस को सूचना दी । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई ।
मिली जानकारी के अनुसार तीन साल का मासूम अभिनव अपने बड़े भाई आयुष पांच वर्षीय तथा पड़ोसी बच्चा केशन के साथ घर के बाहर खेल रहा था । तभी पड़ोसी गांव के रहने वाले पिक अप चालक अरुण कुमार पुत्र किशन निषाद ने तेज गति से गाड़ी बैक करके मोड़ने लगा,पिकअप को आता देख अन्य बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई,लेकिन बताया जा रहा है कि अभिनव छोटा होने के कारण भाग नहीं पाया और वह पिकअप की चपेट आ गया । जिससे उसका चेहरा बुरी तरह से कुचल गया । शोर शराबा सुनकर अभिनव की मां भाग कर बाहर आई और हादसा देख बेसुध हो गई । किसी तरह पड़ोसियों ने उन्हें संभाला ।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिनव के पिता धीरेंद्र मौके पर पहुंचे तो देखा कि अभिनव की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो चुकी थी । इधर हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को छोड़ कर मौके से भाग निकला । मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को जब्त कर स्थानीय चौकी ले गई और पुलिस आरोपित की तलाश के जुट गई है ।
