कानपुर । सरसौल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरवामीर में सावन माह में भगवान शिव के रुद्राभिषेक अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया । रुद्राभिषेक करने वाले आचार्य हिमांशु पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करवाया ।
इस धार्मिक अनुष्ठान में पुरवामीर ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह अपने पूरे परिवार सहित विधि विधान से पूजा अर्चना की । इसके साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों ने भी भगवान शिव रुद्राभिषेक में बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान शिव की पूजा-आरती में सम्मिलित हुए ।
वही शिवपुराण के रुद्रसंहिता में कहा गया है कि सावन के महीने में रुद्राभिषेक करना विशेष फलदायी है । रुद्राभिषेक में भगवान शिव का पवित्र स्नान कराकर पूजा-अर्चना की जाती है । यह सनातन धर्म में सबसे प्रभावशाली पूजा मानी जाती है जिसका फल तत्काल प्राप्त होता है । इससे भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों के सभी दुखों का अंत करते हैं और सुख-शांति और समृद्धि प्रदान करते हैं । सावन माह में रुद्राभिषेक पूजा करवाने से जातक की कुंडली में मौजूद विभिन्न ग्रह दोष शांत होते हैं । रुद्राभिषेक की पूजा प्रशिक्षित पंडितों द्वारा ही करानी चाहिए । यह माह मनोकामना,आकांक्षाओं और मनवांछित फल की पूर्ति का समय होता है ।
इस दौरान “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो उठा । सभी उपस्थित लोगों ने भगवान शिव की कृपा और आशीर्वाद की कामना की । यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को मजबूत करने का अवसर था,बल्कि ग्रामीण समुदाय के लिए एकता और सौहार्द का प्रतीक भी था ।
