बिन्दकी/फतेहपुर । राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिन्दकी में ‘राष्ट्रकवि सोहन लाल द्विवेदी सांस्कृतिक क्लब’ के तत्वाधान में बड़े हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक वातावरण के मध्य ‘कजरी महोत्सव कार्यक्रम’ का सफल आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना पांडे के कर-कमलों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ । इस अवसर पर प्राचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “कजरी जैसे लोकगीत हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं । छात्राओं को चाहिए कि वे न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अपितु सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी निरंतर भाग लें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके ।”
उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम और उत्साह के साथ उन्नति के मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एवं बिहार की लोकधुनों पर आधारित भोजपुरी भाषा में गाए जाने वाले कजरी लोकगीत का मधुर गायन छात्राओं कौशिकी, तनु, रितिका एवं समीक्षा आदि ने प्रस्तुत किया । उनके स्वर ने पूरे वातावरण को रसपूर्ण बना दिया और श्रोताओं को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया । कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया । अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रियंका रानी द्वारा प्रस्तुत किया गया ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. सुशील कुमार, डॉ. धीरेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव, श्री बसंत मौर्य, डॉ. अल्ताब आलम, डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. अमित मौर्य सहित समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही ।
