Oplus_131072
सतना । मोबाइल पर सेल्फी का क्रेज रविवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोर पर भारी पड़ गया । रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़कर सेल्फी लेने का प्रयास कर रहा किशोर अचानक हाई वोल्टेज ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) वायर की चपेट में आ गया । हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया । घटना सुबह करीब 7:20 बजे सतना यार्ड की लाइन नंबर आरडी-06 पर हुई । किशोर जैसे ही ट्रेन की छत पर चढ़ा,ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया । जोरदार धमाके के साथ वह नीचे गिर पड़ा ।
तत्काल मौके पर पहुंचे एएसई जय करण मिश्रा ने एंबुलेंस बुलवाकर उसे जिला अस्पताल भिजवाया । झुलसे किशोर की पहचान आदर्श गौतम (16 वर्ष) पिता अजय गौतम निवासी उमरी थाना सिविल लाइन,सतना के रूप में हुई है । डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया । सूचना मिलते ही स्वजन भी अस्पताल पहुंचे और बच्चे की हालत देखकर स्तब्ध रह गए ।
रेलवे की लापरवाही या किशोर की गलती ?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, किशोर ने सेल्फी लेने के लिए ट्रेन की छत पर चढ़ने जैसी खतरनाक गलती की ।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यार्ड क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था भी बेहद ढीली है । सतना रेलवे यार्ड में यह पहली घटना नहीं है । पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है । जब किशोर या युवक ट्रेन की छत पर चढ़कर हाईवोल्टेज तार की चपेट में आए हैं । इसके बावजूद रेलवे सुरक्षा प्रबंधन में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया है । स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक लापरवाही की कीमत मासूम जिंदगियों को चुकानी पड़ेगी ?
सेल्फी से मौत के साये तक –
विशेषज्ञ मानते हैं कि 25 हजार वोल्ट की धारा पलभर में जान ले सकती है । ऐसे में रेलवे परिसर में फोटो और सेल्फी लेने का प्रयास सीधे-सीधे जान से खेलने के बराबर है ।
अब सवाल यह है कि क्या इस घटना से सबक लेकर किशोर और अभिभावक सतर्क होंगे या फिर यह खतरनाक जुनून आगे भी जिंदगियां लीलता रहेगा ?
