बकेवर/फतेहपुर । देवमई विकासखंड के अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैसौली में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल है । ग्रामीणों को समय पर उपयुक्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया नहीं हो पा रही हैं ।
स्वास्थ्य केंद्र में चार से पांच कर्मचारी होने के बावजूद चिकित्सालय भगवान भरोसे चल रहा है । कब खुलेगा और कौन कर्मचारी आएगा यह किसी को पता नहीं चलता है ।
वर्तमान समय में डेंगू,वायरल फीवर,मलेरिया,टाइफाइड जैसे संक्रमित बीमारियों ने गांव-गांव ,घर-घर अपने पैर पसार रखे हैं ऐसी स्थिति में ग्रामीण जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पड़ रही है । ऐसी अवस्था में स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की लापर वाही स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है ।
चिकित्सालय में आवश्यक पूरे स्टॉप की नियुक्ति होने के बाद भी अस्पताल समय से नहीं खुलता है । कर्मचारियों की मनमर्जी से चल रहे चिकित्सालय का उचित लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है । ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया गया अस्पताल सुबह 9 बजे के बाद ही खुलता है उससे पहले आए मरीजो को या तो इंतजार करना पड़ता है या वे बिना इलाज के ही वापस लौट जाते हैं और प्राइवेट डॉक्टर से दवा लेने पर मजबूर होते हैं । अस्पताल में कई कर्मचारी ऐसे हैं जो अक्सर नदारद ही रहते हैं । उनका काम अन्य स्टाफ को करना पड़ता है ।
इस बाबत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई के प्रभारी चिकित्सा डॉ० मनीष शुक्ला ने बताया कि वर्तमान समय में अस्पताल का समय सुबह आठ से दोपहर दो तक है । फिलहाल अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर प्रशांत की बाढ़ शिविर में नाइट शिफ्ट लगी है । साथ ही फार्मासिस्ट समेत अन्य स्टाफ क्यों लेट हो रहा है इसका पता लगाया जाएगा ।
