कानपुर । सरसौल कस्बा में खाटू श्याम का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । सरसौल स्थित श्री शंकर दरबार मंदिर में श्याम प्रेमियों ने खाटूश्याम के जन्मोत्सव की खास तैयारियां की । यहां श्याम प्रेमियों ने फूल मालाओं व रंगीन गुब्बारों के साथ मोर पंख से बाबा का भव्य दरबार सजाया और अलौकिक श्रंगार सहित केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर की भव्य सजावट सबका मनमोह रही थी । यह शिव मंदिर करीब 65 वर्ष पुराना है ।
वही श्याम भक्तों ने महाआरती कर पूजा-अर्चना की । मंदिर में आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे । दूर-दूर से आए भक्तों ने श्याम बाबा के दर्शन किए। इसके बाद प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया । जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया । यहां भक्तों ने जमकर आतिशबाजी की । इसके पूर्व श्याम प्रेमियों ने निशान यात्रा निकाली ।
निशान यात्रा की शुरुआत मंदिर से हुई जो कि सरसौल के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची,मार्गों पर भक्तों ने जगह जगह प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किए । जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया । रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें भजन गायकों ने सुंदर सुंदर बाबा श्याम के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वही सरसौल निवासी श्याम प्रेमी चंद्रभान सिंह ने बताया कि सबके दिलों में बसने और दुखों को दूर करने वाले बाबा खाटू श्याम का जन्मदिन कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है ।
देवउठनी एकादशी के दिन बाबा खाटू श्याम के दर्शन करने और उनकी आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं । कथाओं में ऐसा कहा गया है कि खाटू श्याम की भक्ति और उनके बलिदान से खुश होकर श्रीकृष्ण ने हुए कलयुग में पूजे जाने का वरदान दिया था और कहा था कि तुम हारे का सहारा बनोगे ।
कार्यक्रम में चंद्रभान सिंह परिहार,सूर्यभान सिंह परिहार,राजीव गुप्ता, अंकित तिवारी,पप्पू सिंह परिहार,छोटू तिवारी, मुकेश कुशवाहा,अंशू सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे ।
