पंजाब । बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल आज अमृतसर पहुंचीं जहां उन्होंने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की । उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब से सटे गुरुद्वारा गुरबख्श सिंह में अखंड पाठ के भोग समारोह में भी हाजिरी भरी ।
मीडिया से बातचीत के दौरान हरसिमरत कौर बादल ने मौजूदा पंजाब सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की नीति अपनाने के गंभीर आरोप लगाए । उन्होंने कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है झूठ के पैर नहीं होते । सरकार ने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें दबाने की कोशिश की है ।
मजीठिया पर फर्जी केस का आरोप
हरसिमरत ने उदाहरण देते हुए बताया कि बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ नशे के नाम पर जो मामला बनाया गया वह केवल सियासी प्रतिशोध था । उन्होंने कहा कि सरकार शुरुआत में नशे का जिक्र करती रही । लेकिन जब असली परचा पेश किया गया तो उसमें नशे का कोई उल्लेख नहीं था ।
उन्होंने भरोसा जताया कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है और वाहेगुरु जी की कृपा से जल्द ही बिक्रम सिंह मजीठिया बाहर आएंगे ।
