बीते कुछ दिनों से इंडिगो की फ्लाइट्स रद्द होने की वजह से यात्रियों को परेशानी हो रही है ।
नई दिल्ली । भारत की सबसे बड़ी एयरलाइंस में से एक इंडिगो की उड़ानों में आ रही दिक्कतों का सिलसिला थमा नहीं है । बीते दो दिनों में इसकी सैकड़ों उड़ानें रद्द हुई हैं या उनमें घंटों में विलंब हुआ है । उड़ानों के रद्द होने की वजह से सिंगापुर के भारत में उच्चायुक्त साइमन वोंग को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है ।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं भी इंडिगो की वजह से मुश्किल में फंसे हजारों यात्रियों में शामिल हो गया हूं । देवघर जाने वाली मेरी फ्लाइट रद्द हो गई । शादी में शामिल होने के लिए मेरा इंतजार कर रहे अपने युवा स्टाफ़ से मैं माफ़ी मांगता हूं ।”
“दिल्ली एयरपोर्ट ने शुक्रवार को यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है । इसके मुताबिक़ कुछ घरेलू उड़ानों के प्रभावित होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है ।”
दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा, “कुछ घरेलू सेवाओं के परिचालन में चुनौतियों के कारण कुछ उड़ानों में देरी हो रही है, या कुछ उड़ाने रद्द हो रही हैं । हम यात्रियों को एयरपोर्ट पर आने से पहले एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति के बारे में जानकारी लेने की सलाह देते हैं ।”
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया है कि शुक्रवार सुबह से दिल्ली में आने जाने वाली इंडिगो की 200 से ज़्यादा उड़ाने रद्द हुई हैं । जबकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, शुक्रवार को इंडिगो की 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो सकती है । बीते कुछ दिनों से इंडिगो की फ्लाइट्स रद्द होने की वजह यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
