फतेहपुर । जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया है कि कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त श्रेणी मार्गों, विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित पेट्रोल पंपों के आस-पास वाहनों की पार्किंग को पूर्णतः प्रति बंधित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं ।
उन्होंने बतायाकि इस संबंध में 24 दिसम्बर 2025 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विस्तृत समीक्षा की गई ।
बैठक में पूर्व बैठक 28 नवम्बर 2025 में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश भी निर्गत किए गए ।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि कोहरे के समय पेट्रोल पंपों के आस-पास वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है । इसे दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त श्रेणी मार्गों (मुख्यतः राष्ट्रीय राजमार्गों) के किनारे स्थित पेट्रोल पंपों के आसपास किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग को पूर्णतः बंद कराए जाने के निर्देश दिए गए ।
उक्त के क्रम में कार्यालय पत्र के माध्यम से जनपद फतेहपुर में स्थापित समस्त पेट्रोल पंप संचालकों/स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि उनके रिटेल आउटलेट के आस-पास किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग न होने दी जाए तथा मार्ग को पूर्णतः अवरोधमुक्त रखा जाए ।
निर्देशों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित कराने हेतु समस्त ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ।
