आग पर काबू पाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान एक दमकलकर्मी की मौत हो गई थी ।
हांगकांग । पुलिस ने कहा है कि पिछले साल नवंबर में एक अपार्टमेंट परिसर में लगी भीषण आग में 168 लोगों की मौत हुई । यह संख्या पहले बताई गई संख्या से सात अधिक है ।
पुलिस ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि पीड़ितों की उम्र छह महीने से 98 साल के बीच थी । मृतकों में 58 पुरुष और 110 महिलाएं शामिल हैं । इनमें से कई बुज़ुर्ग निवासी थे । जो दशकों से उस अपार्टमेंट परिसर में रह रहे थे ।
‘वांग फ़ुक कोर्ट’ में लगी यह आग बीते कई दशकों में शहर की सबसे घातक आग थी । वांग फ़ुक कोर्ट, हांगकांग के उत्तर-पूर्वी ताइ पो ज़िले में है ।
शहर के नेता जॉन ली ने बुधवार को कहा कि इस आग से जुड़े मामले में 30 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया गया है । इन पर ग़ैर-इरादतन हत्या, धोखाधड़ी या भ्रष्टाचार के संदेह हैं ।
सुरक्षा सचिव क्रिस टैंग ने कहा कि मरने वालों की अंतिम संख्या 168 है । उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की पहचान का काम पूरा हो चुका है ।
इस आग पर क़ाबू पाने के लिए हज़ारों दमकलकर्मियों को तैनात किया गया था इस अभियान के दौरान एक दमकलकर्मी की भी मौत हो गई थी ।
