चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट का खुलना हर किसी के हित में है ।
चीन । देश के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से होर्मुज़ स्ट्रेट में सामान्य आवागमन बहाल करने की कोशिश का आग्रह किया है ।
वांग ने कहा कि जहाँ एक ओर होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान और बचाव किया जाना चाहिए । वहीं दूसरी ओर इस जलमार्ग से आवागमन की स्वतंत्रता और सुरक्षा की भी गारंटी दी जानी चाहिए ।
उन्होंने कहा कि इस समुद्री मार्ग को खोलने में सभी देशों का हित है । वांग ने आगे कहा कि चीन संघर्षविराम बनाए रखने और बातचीत फिर से शुरू करने का समर्थन करता है इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो होर्मुज़ स्ट्रेट को हमेशा के लिए खोल रहे हैं ।
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा “चीन इस बात से बहुत खुश है कि मैं होर्मुज़ स्ट्रेट को हमेशा के लिए खोल रहा हूँ । मैं यह उनके लिए भी कर रहा हूँ और दुनिया भर के लिए भी । ऐसी स्थिति फिर कभी नहीं आएगी ।”
होर्मुज़ स्ट्रेट एक अहम समुद्री मार्ग है । यहां से आम दिनों में दुनिया भर में 20% तेल और गैस की सप्लाई होती है । 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के हमलों के बाद ईरान ने इस समुद्री रास्ते की नाकेबंदी कर रखी है ।
होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने से दुनिया भर में तेल और गैस को लेकर संकट बढ़ा है और इनकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है ।माना जा रहा है कि ईरान युद्ध के बाद शुरू हुए इस संकट से आने वाले दिनों में ऊर्जा की सप्लाई पर और भी गंभीर असर देखा जा सकता है ।
