जॉन फ़ेलन मार्च 2025 में नौसेना प्रमुख बने थे, उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 में नामित किया था ।
World News । अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के दौरान अमेरिकी नौसेना के प्रमुख जॉन फ़ेलन ‘तत्काल प्रभाव’ से अपना पद छोड़ रहे हैं ।
पेंटागन प्रवक्ता सीन पर्नेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी । साथ ही कहा कि नौसेना के अंडरसेक्रेटरी हंग काओ अब कार्यवाहक सचिव होंगे ।
फ़ेलन का नाम उन बड़े सैन्य अधिकारियों में जुड़ गया है । जिन्होंने हाल के महीनों में अपना पद छोड़ा है । कुछ हफ़्ते पहले ही अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ रैंडी जॉर्ज से पद छोड़ने को कहा था ।
दो अन्य आर्मी अधिकारी, जनरल डेविड हॉडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी हाल ही में उनके पदों से हटाया गया है । पेंटागन में आने के बाद से हेगसेथ ने दर्जन से ज़्यादा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाया है, जिनमें नौसेना संचालन प्रमुख और एयरफ़ोर्स के उप प्रमुख भी शामिल हैं ।
फ़ेलन पहले कभी सेना में नहीं रहे थे, वो मार्च 2025 में नौसेना प्रमुख बने थे । उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 में नामित किया था । उनके पद पर आने वाले काओ अक्टूबर 2025 में अंडरसेक्रेटरी बने थे और वे नौसेना में 25 साल सर्विस कर चुके हैं ।
