सीपीआईएमएल के नेता ने राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के फ़ैसले की आलोचना की है ।
नई दिल्ली । शुक्रवार राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी(आप) छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का एलान किया है ।
इसके बाद कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (एमएल)- लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इन सांसदों पर निशाना साधा है ।
दीपांकर ने एक्स पर लिखा “बीजेपी जॉइन करने वाले आम आदमी पार्टी के सांसदों को सबसे पहले इस्तीफ़ा देना चाहिए । विरोधी वोटों पर चुने जाने के बाद बीजेपी में शामिल होना मतदाताओं के भरोसे और जनादेश के साथ खुला विश्वासघात है ।”
उन्होंने आगे लिखा “इन सांसदों को अपनी राजनीति बदलने की आज़ादी है । लेकिन उन्हें अपने मतदाताओं का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है ।”
वहीं दिल्ली में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा “यह तो स्वाभाविक था । उनके कुछ सांसद भी आ रहे हैं । इसलिए हम उनका स्वागत करते हैं । अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार का पर्याय बन गए हैं…पंजाब की जनता पर खर्च होने वाला पैसा वह गुजरात और गोवा में अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं । ”
उधर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के भी बीजेपी में शामिल होने की आशंका जताई है ।
उन्होंने कहा “आप को सतर्क रहना चाहिए क्योंकि उनके 50 विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं । अभी तो सिर्फ़ सांसदों ने ही पार्टी छोड़ी है । पार्टी के पास कोई विचारधारा नहीं है । यह स्वाभाविक था । इन सांसदों का पंजाब में कोई महत्व नहीं है ।”
