मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अवैध शराब कारोबारी समेत आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है ।
महाराष्ट्र । पुणे और पिंपरी चिंचवड में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के बाद 6 पुलिसकर्मियों और आबकारी विभाग के 13 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इन पर आरोप है कि ये संदिग्ध ज़हरीली अवैध शराब की सप्लाई रोकने में नाकाम रहे ।
पुणे पुलिस कमिश्नरेट के आदेश के अनुसार हडपसर पुलिस थाने से सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संजय मोगले,असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर हसीना सिकलगार और सब-इंस्पेक्टर हसन मुलानी को निलंबित कर दिया गया है ।
इसके अलावा पिंपरी चिंचवड पुलिस के छह कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है । राज्य आबकारी विभाग ने भी 13 कर्मचारियों को निलंबित किया है । वहीं इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अवैध शराब कारोबारी समेत आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है ।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने के बाद पिंपरी चिंचवड के फुगेवाड़ी इलाके में 10 लोगों की मौत हुई । जब कि पुणे के हडपसर स्थित पंधारे माला इलाके में चार लोगों की मौत हुई पांच लोगों का पिंपरी चिंचवड के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है ।
