बिन्दकी/फतेहपुर । नगर के प्रतिष्ठित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लंका रोड बिन्दकी द्वारा संचालित सरस्वती संस्कार केंद्र के 51 छात्र-छात्राओं को बुधवार को विद्यालय के पुरातन छात्र रितिक गुप्ता द्वारा शिक्षण सामग्री वितरित की गई । शिक्षण सामग्री में कॉपी ,पेन बॉक्स,पानी की बोतल एवं चॉकलेट शामिल थीं । सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष अशोक मिश्र ने कहा कि प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बच्चों को अच्छे संस्कार,अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बलराम सिंह ने बताया कि लंका- केवटरा बस्ती के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय द्वारा सरस्वती संस्कार केंद्र का संचालन किया जा रहा है । उन्होंने शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पुरातन छात्र रितिक गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के पूर्व छात्र उसकी सुदृढ़ नींव हैं । वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर सदैव सेवा के लिए आगे आते हैं ।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्कार केंद्र की संचालिका श्रीमती अलखनंदा द्वारा अतिथियों के परिचय से हुई ।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अशोक मिश्र,प्रधानाचार्य बलराम सिंह,व्यवस्था प्रमुख देवेंद्र सिंह,आचार्य प्रशांत किशोर, संस्कार केंद्र संचालिका श्रीमती अलखनंदा, पुरातन छात्र रितिक गुप्ता एवं अनंत गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
