लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नम को नए प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आगे माना जा रहा है ।
ब्रिटेन । देश के प्रधानमंत्री बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नम ने ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई पर देश की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की शुरुआती रुख़ के लिए माफ़ी मांगी है ।
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में बर्नम ने कहा कि उनकी पार्टी से इस मामले में ‘ग़लती’ हुई थी ।
ग़ज़ा युद्ध के शुरुआती हफ़्तों में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने कहा था कि इसराइल “ग़ज़ा का पानी और बिजली काटने का अधिकार रखता है ।” उनके इस बयान की काफ़ी आलोचना हुई थी । बाद में उन्होंने कहा कि उनका मतलब था कि इसराइल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है । एंडी बर्नम भी ब्रिटिश लेबर पार्टी से हैं । बर्नम ने अब कहा है कि उनके नेतृत्व में इस मामले पर ब्रिटेन का रुख़ कहीं ज़्यादा सख़्त होगा ।
उन्होंने इसराइल पर ज़्यादा दबाव बनाने की मांग की । इसमें देश के धुर दक्षिणपंथी कैबिनेट मंत्रियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी शामिल है । एंडी बर्नम ने वेस्ट बैंक में इसराइली बस्तियों के निवासियों के साथ व्यापार पर रोक लगाने की मांग भी की है ।
