‘राम मंदिर में चढ़ावा चोरी’ की ख़बरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की यात्रा की ।
अयोध्या । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक जनसभा को संबोधित किया है । उन्होंने अपने भाषण में विपक्षी दलों पर कई आरोप लगाए ।
योगी आदित्यनाथ ने कहा “जो लोग आज आस्था की बात करते हैं । उन्होंने अयोध्या में हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज़ पढ़वाने का काम किया था । क्या कोई जामा मस्ज़िद में हनुमानचालीसा का पाठ कर पाएगा ? क्या सरकारें करवा पाएंगी? क्या कांग्रेस और समाजवादी पार्टी करवा पाएगी ?”
“अगर नहीं करवा पाएगी तो ये पाप क्यों करवाया गया था? मंशा साफ हो तो काम अपने आप होते हैं । नीति स्पष्ट हो तो नियंता अपने आप सहयोग करता है । आज वह अयोध्या में दिखाई देता है ।”
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया ”कोई सोचता था,अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा । ये समाजवादी पार्टी के लोग विरोध करते थे । आज अयोध्या का जो विरोध कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के लोग कर रहे हैं,वो इसलिए विरोध कर रहे हैं,वो नहीं कर पाए थे ।”
उन्होंने कहा “समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने मंदिर निर्माण में बाधा खड़ी की,राम के नाम पर प्रश्न खड़ा किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाई । डबल इंजन की सरकार आई ,भगवान राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो गया,कोई रोक नही पाया ।”
इससे पहले विपक्षी दलों के नेता अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और अन्य कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार आरोप लगा रहे हैं कि ‘इसमें शामिल बड़े लोगों को’ बचाया जा रहा है ।
