– पुलिस आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है ।
मैतेई समुदाय के कुछ घरों में आग लगने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया ।
मणिपुर । राज्य के कांगपोकपी ज़िले में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक 53 वर्षीय आदिवासी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी है । यह हमला शनिवार दोपहर को हुआ जब किसान अपनी पत्नी के साथ धान के खेत में काम कर रहा था । कांगपोकपी पुलिस ने मृतक की पहचान गोवाजंग गांव के हाओलाल सिंगसिट के तौर पर की है ।
इस घटना को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया “शनिवार को जब हाओलाल अपने खेत में काम कर रहा था । तभी हथियारबंद हमलावरों ने उस पर फायरिंग की । कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई । हमले के दौरान उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थी, लेकिन वो वहां से सुरक्षित जगह भागने में सफल रही ।”
पुलिस ने इस घटना को लेकर एक मामला दर्ज किया है और आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है कांगपोकपी ज़िले के ट्विलांग इलाके में गोवाजांग कुकी समुदाय का आखिरी गांव है, जहां इस समय भय का माहौल है ।

इस बीच शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मैतेई लोगों के कुछ घरों में आग लगा दी गई । जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया ।
इस घटना पर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए बताया कि कांगपोकपी ज़िले के कांटो सबल गांव (जो एक मैतेई गांव है) में हुई हिंसा और खाली घरों में आग लगाने की कोशिश के मामले में कार्रवाई की गई है ।
मणिपुर पुलिस ,सीआरपीएफ, आरएएफ और सेना की संयुक्त टीमों ने लीमाखोंग एरिया प्रोटेक्शन कमिटी के चेयरमैन और हेंगजांग गांव के मुखिया कम्मंग ल्होवम (65 वर्ष) और खुनखो कुकी गांव के पैगिन हैंगशिंग (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है ।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है ।
