– बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वो नामांकन में शामिल होने जाएंगे ।
मध्य प्रदेश । राज्य के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार रात को मुख्यमंत्री मोहन यादव,प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाक़ात की । इसके बाद उन्होंने कहा कि बीजेपी दतिया में जीत दर्ज करेगी ।
दरअसल नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उप चुनाव के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया,जिसके बाद से ज़िले में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे । बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है ।
मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा “बहुत अच्छी बात हुई. दतिया को जीतने की बात हुई । मैं अपने समर्थकों को कह चुका हूं कि धैर्य का परिचय दें । मैं निश्चित तौर पर नामांकन में शामिल होने जाऊंगा ।”
इससे पहले भी शनिवार दोपहर को उन्होंने कहा था “यह पार्टी का फ़ैसला है । मैंने सोशल मीडिया पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालने वाले वीडियो देखे हैं । कार्यकर्ताओं से अपील है कि ऐसा कोई काम ना करें ।”
गौरतलब है कि बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन 2023 में वो यहां से चुनाव हार गए थे । उप चुनाव के लिए उन्हें यहां से टिकट नहीं मिला ।
