स्टीफ़न फ़्लेमिंग 2009 से चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे ।
नई दिल्ली । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और इसके हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फ़ैसला किया है ।
चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है ।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया कि यह फ़ैसला स्टीफ़न फ़्लेमिंग और मैनेजमेंट के बीच कई बार हुई बातचीत लिया गया फ़्लेमिंग आईपीएल के पहले सीज़न (2008) में खिलाड़ी के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे और 2009 में उन्होंने हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाली । फ़्लेमिंग की कोचिंग में सीएसके ने 5 आईपीएल ख़िताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट जीते । टीम 12 बार प्लेऑफ़ में पहुंची और 10 आईपीएल फ़ाइनल भी खेले ।
चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा “स्टीफ़न फ़्लेमिंग लगभग पूरी फ़्रेंचाइज़ी यात्रा के दौरान हमारी कोचिंग टीम की सबसे अहम कड़ी रहे हैं क़रीब दो दशक तक उन्होंने हमारी पहचान, सोच और बेहतर प्रदर्शन की कोशिश को आकार दिया ।”
स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने कहा “स्पोर्ट्स में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से सिर्फ़ आभार के साथ जा रहा हूं । चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे सबसे यादगार दौर रहा है । हमने जो कुछ हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है ।”
