बिहार । राज्य के पटना की एक अदालत ने सोमवार को शिक्षक फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर को कोचिंग संस्थान फ़ायरिंग मामले में अग्रिम ज़मानत दे दी ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ फ़ैसल ख़ान के वकील ने बताया कि कोचिंग संस्थान के तीन कर्मचारियों को भी अग्रिम ज़मानत मिल गई ।
वकील अरविंद कुमार ने पत्रकारों से कहा “कुल छह लोगों को ज़मानत मिली है । जज ने सबसे पहले ख़ान सर की अग्रिम ज़मानत का ऐलान किया । इसके बाद उनके तीन कर्मचारियों की अग्रिम ज़मानत का भी ऐलान किया ।”
उन्होंने बताया कि पटना सिविल कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार किए गए दो सुरक्षा गार्डों को भी ज़मानत दे दी आठ जुलाई को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था । यह मामला इसी साल जून महीने की शुरुआत में हुई फ़ायरिंग की घटना से जुड़ा है ।
आरोप है कि कुछ लोगों ने ख़ान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फ़ोड़ की थी । इसी दौरान उनके दो सुरक्षा गार्डों पर भी आरोप लगा कि उन्होंने फ़ायरिंग की थी ।
