सुल्तानपुर । बल्दीराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक एम०बी०बी०एस० चिकित्सक पर सरकारी अस्पताल की बजाय निजी मेडिकल स्टोर से मरीज देखने और वहीं से महंगी दवाएं खरीदवाने के आरोपों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है ।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि डॉ. अशोक मिश्र सीएचसी में अपेक्षाकृत कम समय देते हैं । उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने वाले कई मरीजों को पारा बाजार स्थित इंद्र मेडिकल स्टोर पर बुलाया जाता है । जहां उनका इलाज किया जाता है ।
आरोप है कि मरीजों को वहीं से महंगी दवाएं खरीदने के लिए भी प्रेरित किया जाता है । ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित मेडिकल स्टोर पर चिकित्सक के नाम का बोर्ड भी लगा है ।
उनका कहना है कि इससे सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को चिकित्सक नहीं मिलते और उन्हें या तो इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी खर्च पर इलाज कराना पड़ता है । इससे गरीब और जरूरतमंद मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं ।
