कुछ महत्वपूर्ण तथ्य –
✓ 100 साल पुराना मकान बना मौत का मलबा
✓ AC रूम में 7 दबे
✓ एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, एक बचा
✓ उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान तड़के अचानक ढह गया ।
✓ हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय अमन सुरक्षित बच गए ।
✓ पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है ।







प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) भारत । Pratapgarh House Collapse ; उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभरा कर गिर गया । हादसे के समय परिवार के लोग घर के AC रूम में सो रहे थे । तेज आवाज के साथ मकान ढहते ही चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण मदद के लिए मौके पर दौड़े । मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए पुलिस,फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया । हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई । जबकि परिवार का एक सदस्य सुरक्षित बच गया । मरने वालों में माता, पिता, बहू बेटा, दो मासूम शामिल हैं । ग्राम महुली मोहल्ले में मातम का माहौल बना हुआ है । ये एक ऐसा दर्दनाक क्षण है कि सबको मायूस कर गया ।

मलबा हटाते हुई रेस्क्यू टीम
जानकारी के मुताबिक तड़के दो बजे अचानक ढह गया मकान –
जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था । गुरुवार तड़के करीब दो बजे अचानक मकान भरभराकर गिर गया । घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे । मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आस पास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे । ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी । थोड़ी ही देर में पुलिस टीम, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया ।
https://x.com/i/status/2085150753103220936
पुलिस क्षेत्राधिकारी सीओ की बाइट
मलबे में दबा पूरा परिवार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया । स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक टीमों के साथ मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया । कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया । घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया । लेकिन डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया ।
हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव,माधुरी श्रीवास्तव,माधव और मासूम अद्विक की मौत हो गई ।

शवों को सौंपा गया (फाइल फोटो)
एक सदस्य सुरक्षित बचा
इस दर्दनाक हादसे में परिवार के 28 वर्षीय अमन श्रीवास्तव किसी तरह सुरक्षित बच गए । उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है । एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है । घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए । पूरे इलाके में शोक का माहौल है और ग्रामीण इस हादसे को बेहद भयावह बता रहे हैं ।
जर्जर भवनों पर उठे सवाल
हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि इतना पुराना और जर्जर मकान रहने लायक था या नहीं । स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार अब भी पुराने और कमजोर मकानों में रहने को मजबूर हैं । ऐसे भवनों की समय रहते पहचान और मरम्मत या खाली कराने की व्यवस्था नहीं होने से बड़े हादसों का खतरा बना रहता है । प्रतापगढ़ की यह घटना प्रशासन के लिए भी गंभीर चेतावनी मानी जा रही है ।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । प्रशासनिक अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं ।
