पाकिस्तान । देश की सरकार ने देश में अंतरराष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्टिंग को लेकर नई पाबंदियां लागू की हैं । जिसकी पत्रकारों ने कड़ी आलोचना की है ।
नई गाइडलाइंस के तहत विदेशी मीडिया के लिए काम करने वाले पाकिस्तानी नागरिक या किसी भी व्यक्ति को इस्लामाबाद ,कराची और लाहौर के अलावा देश के किसी अन्य हिस्से से रिपोर्टिंग करने के लिए पहले अनुमति लेनी होगी ।
इन प्रतिबंधों के बाद पाकिस्तान के ज़्यादा हिस्सों में विदेशी मीडिया की ज़मीनी रिपोर्टिंग अधिकारियों की मंजूरी और समय पर निर्भर हो जाएगी गौरतलब है कि वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में पाकिस्तान 180 देशों में 153वें स्थान पर है ।
राजनीतिक टिप्पणीकार मुस्तफा नवाज खोखर ने कहा “ये दिशानिर्देश अंतरराष्ट्रीय मीडिया की आवाज़ दबाने जैसे हैं और देश में पहले से सीमित होती जा रही मीडिया स्वतंत्रता को और प्रभावित करेंगे ।”
पाकिस्तान में मीडिया पर प्रतिबंध कोई नई बात नहीं है ।लेकिन स्थानीय मीडिया संस्थानों को अक्सर विदेशी मीडिया की तुलना में अधिक दबाव का सामना करना पड़ता है ।
खोखर ने कहा “लोग स्वतंत्र रिपोर्टिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय मीडिया पर भरोसा करते हैं इस तरह के प्रतिबंध सिर्फ ग़लत सूचनाओं और फर्जी ख़बरों के फैलने की गुंजाइश बढ़ाते हैं। ”
डॉन अखबार के संपादक जफर अब्बास ने पाकिस्तान में विदेशी मीडिया की रिपोर्टिंग पर लगाई गई नई पाबंदियों की आलोचना करते हुए इन्हें “बेतुका और पूरी तरह अस्वीकार्य” बताया है ।
उन्होंने कहा “मैंने इस देश में 40 साल से अधिक समय तक पत्रकार के रूप में काम किया है इस दौरान दो सैन्य शासकों और कई तानाशाही प्रवृत्ति वाली नागरिक सरकारों के दौर में रिपोर्टिंग की है लेकिन मैंने कभी ऐसी पाबंदियां लागू होते नहीं देखीं ।”
