थाईलैंड । देश की राजधानी बैंकॉक से सटे नॉनथाबुरी प्रांत के बैंक क्रुआई ज़िले में एक स्कूल में गोलीबारी हुई है । इस गोलीबारी में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है ।
थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक़ आशंका है कि संदिग्ध ने स्कूल जाने से पहले अपने दादा और दादी की भी हत्या कर दी, क्योंकि उन दोनों के शव घर पर मिले हैं ।
थाइलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि स्कूल में हुई गोलीबारी में पांच शिक्षकों की मौत हुई है ।
संदिग्ध छात्र ने गोलीबारी करने के बाद ख़ुद को जिस बंदूक से गोली मारी, वह उसके दादा की थी, जो पहले एक स्कूल टीचर थे । थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने स्कूल में हुई इस घटना की आलोचना की है ।
उन्होंने कहा “यह बहुत बुरा हुआ है । ऐसा नहीं होना चाहिए था । मैं केवल पीड़ितों के लिए दुखी नहीं हू बल्कि मुझे इस बात का भी अफ़सोस है कि यह नहीं होना था । ऐसा हमारे देश में कैसे हो सकता है ?”
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ पुलिस ने हमलावर की पहचान स्कूल के एक स्टूडेंट के रूप में की है ।
पुलिस के अनुसार स्थानीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए थे ।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मार ली ।
नॉनथाबुरी प्रांत के पुलिस प्रमुख डेचरापी कोंगदी ने बताया कि हमलावर नौवीं कक्षा का स्टूडेंट था ।
थाईलैंड में नौवीं कक्षा के स्टूडेंट्स की उम्र आमतौर पर क़रीब 14 वर्ष होती है । पुलिस ने पुष्टि की है कि हमलावर की भी मौत हो चुकी है ।
