थाईलैंड । देश के दक्षिणी प्रांत नॉनथाबुरी में पूर्व सांसद ने एक स्थानीय अधिकारी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के बाद वहां के एक यूट्यूब लाइवस्ट्रीम में एक राजनीतिक टिप्पणीकार को फ़ोन कर घटना की जानकारी दी ।
नॉनथाबुरी के पूर्व सांसद चालोंग रियावरेंग ने हैरान करते हुए राजनीतिक टिप्पणीकार अंचली पैरीरक को बताया कि उन्होंने थोंगचाई येनप्रासर्ट को उनके कार्यालय के बाहर गोली मारी ।
गर्दन में गोली लगने के बाद थोंगचाई की अस्पताल में मौत हो गई । उनके ड्राइवर के हाथ और बांह में गोली लगी ।
इस घटना के बाद चालोंग को गिरफ़्तार कर लिया गया इसके बाद उन्हें पुलिस स्टेशन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की अनुमति दी गई । जहां उन्होंने सिगरेट पीते हुए घटना के बारे में अपनी बात रखी ।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि थोंगचाई उनसे “नाराज़” थे ।लेकिन इसकी वजह नहीं बताई । उन्होंने यह भी कहा कि थोंगचाई को गोली मारने का उनका इरादा नहीं था और उन्हें अपना “अच्छा दोस्त” बताया । चालोंग ने कहा कि उन्होंने थोंगचाई से बात करने की इच्छा जताई थी । स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, दोनों के बीच निजी विवाद था ।
चालोंग ने कहा कि थोंगचाई ने उन्हें धक्का दिया और कहा “मैं बात नहीं करना चाहता ।” चालोंग ने बताया कि इसके बाद वह थोंगचाई का पीछा करते हुए उनकी कार तक गए ।
उन्होंने कहा “जब मैंने बंदूक निकाली, तो मेरा उन्हें गोली मारने का इरादा नहीं था । लेकिन फिर (थोंगचाई के ड्राइवर) ने अपनी बंदूक निकाली और मेरी ओर तान दी, इसलिए मैंने गोली चला दी ।”
रिटायर्ड पुलिस कर्नल थोंगचाई नॉनथाबुरी प्रांतीय प्रशासनिक संगठन यानी पीएओ के अध्यक्ष थे यह एक स्थानीय सरकारी निकाय है ।
