Oplus_131072
नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी ने सोमवार शाम को एक विशेष प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर दिल्ली में स्टूडेंट्स के ख़िलाफ़ हिंसा के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किए हैं ।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा “हमारा कभी भी यह सवाल नहीं रहा कि अमित शाह संसद में आएं और कुछ आम मुद्दों पर बयान दें । सवाल शुरू से यही है कि अमित शाह को यह स्पष्ट करना है कि दिल्ली में हमारे युवाओं पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी ।”
राहुल गांधी ने कहा “वह गृह मंत्री हैं,पैलेट गन चलाए गए । स्टूडेंट को कांटे लगे डंडों से पीटा गया । सवाल यही था कि अमित शाह स्पष्ट करें कि उन्होंने इसका आदेश दिया था, या नहीं ।”
उन्होंने कहा “अगर उन्होंने यह आदेश दिया था तो वे हमारे बच्चों पर गोली चलवाने के कसूरवार हैं और अगर वो नहीं जानते थे कि क्या हो रहा है तो वो गृह मंत्री रहने के लायक नहीं हैं, उन्हें इस्तीफ़ा देना चाहिए ।”
राहुल गांधी ने कहा “अब अमित शाह अचानक कह रहे हैं कि वो बोलने के लिए तैयार हैं । हमें उनकी मनगढ़ंत बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है । हम यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्होंने बच्चों पर गोली चलाने की अनुमित दी थी या नहीं । उन्हें पहले यह स्पष्ट रूप से बताना होगा । उसके बाद कोई चर्चा होगी ।” इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि सरकार दिल्ली में स्टूडेंट्स के प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं पर चर्चा के लिए तैयार है ।
किरेन रिजिजू ने सदन में इस मुद्दे पर विपक्षी दलों से कहा, “गृह मंत्री जी के जवाब के समय डरना नहीं है, भागना नहीं है ।”
इससे पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा “मेरा कांग्रेस पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के साथियों से अनुरोध है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो आप बिल्कुल चर्चा के दौरान हंगामा नहीं करेंगे और गृह मंत्री का पूरा जवाब सुनेंगे । यह भी आपको भरोसा दिलाना पड़ेगा ।”
