झारखंड । राज्य में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के ख़िलाफ़ अनशन कर रहे देवेंद्र महतो से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के ज़रिए बात की । दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी और देवेंद्र महतो के साथ वीडियो कॉल की तस्वीर भी पोस्ट की । अभिजीत दीपके ने बताया कि देवेंद्र महतो पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं । दीपके के मुताबिक़ महतो ने उन्हें बताया कि अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया । जिसमें उन्हें चोटें आईं । उन्होंने सीने में दर्द होने की बात भी कही ।
दीपके ने एक्स पर लिखा “चाहे जंतर-मंतर हो या झारखंड, छात्रों के ख़िलाफ़ पुलिस की इस तरह की कार्रवाई क्रूर और अमानवीय है सीजेपी देवेंद्र महतो और उनकी मांगों के समर्थन में मज़बूती से खड़ी है ।” दीपके ने महतो को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा, “हम उनके साहस और हिम्मत को सलाम करते हैं ।” गौरतलब है कि सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा तक मार्च निकाला था । इस दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के वीडियो भी सामने आए थे ।
