
— भूस्खलन की घटना में कम से कम चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है ।
अरुणाचल प्रदेश । दिबांग वैली ज़िले के पासु पानी क्षेत्र में फ़्लैश फ़्लड (अचानक आई बाढ़) में सेना के पांच जवान लापता हो गए है । दिबांग वैली की अतिरिक्त ज़िला उपायुक्त जैली उम्पो ने बाढ़ में लापता हुए लोगों की पुष्टि करते हुए कहा “बाढ़ की यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे के आसपास की है ।”
“यह इलाक़ा अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है और अचानक आई बाढ़ में सेना के कुल 7 लोग बह गए थे लेकिन दो लोगों को बचा लिया गया है फ़िलहाल लापता पांच जवानों को तलाशने के लिए सेना, एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़ के साथ ज़िला प्रशासन की कई टीमें बचाव अभियान चला रही है ।”
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ में दिबांग घाटी ज़िले में एक सैन्य शिविर के दो आश्रय स्थल बह गए अतिरिक्त ज़िला उपायुक्त जैली उम्पो ने बाढ़ आने के पीछे बादल फटने को कारण बताया है ।
उन्होंने बताया “लगातार हुई बारिश के बाद एक बड़ी धारा अचानक उफान पर आ गई और आसपास के दिबांग वैली इलाक़े में पानी भर गया ।”
लापता हुए सभी जवान सेना की 5वीं ग्रेनेडियर्स बटालियन से थे । इन जवानों के नाम उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा बताए गए हैं । अपर सुबनसिरी ज़िले की एक अन्य घटना में केओजारिंग-ब्याचिंग रोड कटिंग/निर्माण स्थल पर ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ । जिससे कई मज़दूर मलबे के नीचे दब गए ।
भूस्खलन की घटना में कम से कम चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है । मरने वालों की शिनाख़्त टाडू बाकी, ताजी राय,मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के तौर पर की गई है ।
